गदागंज। विद्युत उपकेंद्र गदागंज से निकले धूता फीडर में फॉल्ट आने से 50 गांवों की बिजली गुल रही। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ी। कहीं पर तार आपस में उलझ गए, तो कहीं पर लाइन में कौआ फंसने से बिजली गुल रही। करीब 16 घंटे बाद फॉल्ट होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई।
धूता फीडर के सुल्तानपुर बढईया, नेवलगंज, प्रयागपुर, पूरे रूप का पुरवा, नारायणपुर बन्ना, गोंडा, चरुहार बीक, पूरे बाबा समेत 50 गांवों को बिजली की आपूर्ति होती है। बृहस्पतिवार की रात 10 बजे लाइन में फॉल्ट आ गया। उपभोक्ता रामकरन, दयाराम, आशीष तिवारी, माताबदल ने बताया कि बिजली गुल होने से लोगों को पूरी रात अंधेरे में बितानी पड़ी।
शुक्रवार की सुबह फॉल्ट की खोजबीन की गई, तो सुल्तानपुर बढईया गांव के तार आपस में उलझे मिले। इसके बाद नेवलगंज गांव के पास एक कौआ लाइन में चिपका मिला। अवर अभियंता नीतीश कुमार ने बताया कि लाइन में दो जगह फॉल्ट आए थे। इसकी वजह से बिजली बंद थी। दोपहर दो बजे बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई।
बूंदाबांदी और हवा चलने से बेपटरी बिजली
जिले में शुक्रवार को बूंदाबांदी और हवा चलने से बिजली व्यवस्था चरमरा गई। दिन भर बिजली की आवाजाही से लोग बेहाल रहे। शहर में ट्रिपिंग की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में भी लोगों को बिजली की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। शहर में गोराबाजार, तेलियाकोट, प्रगतिपुरम, इंदिरा नगर उपकेंद्र से जुड़े मोहल्ले के लोग बिजली कटौती से बेहाल रहे।