रायबरेली। जिले में कोरोना तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को 45 और लोग संक्रमित पाए गए। इसमें सबसे अधिक पांच शहर के नेहरू नगर में संक्रमित मिले हैं, जबकि जगतपुर के धोबहा गांव में चार और बकुलिहा व इंदौरा में तीन-तीन पॉजिटिव केस पाए गए हैं।
सभी मरीजों को रॉयन स्कूल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि गुरुवार को 45 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। शहर के नेहरू नगर में आठ साल के बच्चे के साथ पांच लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।
जगतपुर ब्लॉक के धोबहा गांव में मां और उसके बेटे और बेटी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद गुरुवार को गांव में चार और लोग संक्रमित पाए गए हैं। खीरों ब्लॉक के बकुलिहा गांव में तीन मरीज और मिले हैं। इंदौरा गांव में भी तीन मरीज मिले हैं।
अमावां क्षेत्र के बावन बुजुर्ग बल्ला में भी तीन नए मरीज मिले हैं। इसके अलावा नसीराबाद के मिल्कियाना, शंकर नगर, सलारपुर सलोन, सतांव, मिलएरिया, बस स्टॉप के पीछे, जतुआ टप्पा, मऊ, आलमपुर, कृष्णा नगर, विवेक नगर, गोसाई का पुरवा, गायत्री नगर सहित अन्य स्थानों पर भी कोरोना मरीज मिले हैं।
सभी को रॉयन स्कूल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिवगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र के बरखंडीनाथ मजरे कुंहरावा गांव में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद गांव को सील करा दिया गया है। थानाध्यक्ष धीरेंद्र यादव ने बताया कि मोहल्ले को सील करा दिया गया है।
मरीज को अस्पताल भेजा गया है। डीह प्रतिनिधि के अनुसार, सीएचसी डीह में कोरोना की जांच महिला समेत दो लोग संक्रमित मिले हैं। मरीज मऊ व पूरे विश्राम मजरे रोखा गांव के रहने वाले हैं।
अधीक्षक डॉ. तारिक इकबाल ने दोनो मरीजों को कोविड अस्पताल भेज दिया। हल्का लेखपाल संदीप कुमार त्रिपाठी व पुलिस ने गांव पहुंचकर रास्तों को सील करवा दिया है।