रायबरेली। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से बाहर की गईं शिक्षिकाओं को बहाल कर दिया गया है। शनिवार की देर शाम उन्हें समायोजित करते हुए रिक्त पदों के सापेेक्ष स्कूलों में तैनाती दे दी गई।
जिले में संचालित 16 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में नवीनीकरण प्रक्रिया के दौरान असंगत विषयों और उर्दू शिक्षिकाओं की संविदा समाप्त कर दी गई थी। कस्तूरबा विद्यालयों में कई वर्षों तक सेवाएं देने के बाद अचानक 8 सितंबर को संविदा समाप्त होने की खबर लगते ही शिक्षिकाएं बीएसए दफ्तर पहुंचीं और हंगामा किया था।
शनिवार की शाम 44 शिक्षिकाओं को बहाल कर दिया गया। जिला समन्वयक बालिका शिक्षा अनिल त्रिपाठी ने बताया कि 45 शिक्षिकाओं की संविदा समाप्त की गई थी जिनमें से 44 शिक्षिकाओं को रिक्त पदों के सापेक्ष समायोजित कर दिया गया है। बीएसए आनंद प्रकाश शर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद 44 शिक्षिकाओं को समायोजित करके नवीन संविदा प्रदान कर गई है।