खड़ंजा निर्माण में घपला, प्रधान व वीडीओ से वसूली के आदेश
दीनशाह गौरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत अलावलपुर में मनमानी उजागर
राज्य वित्त व 14वें वित्त से सात खड़ंजा निर्माण हुआ गड़बड़झाला
रायबरेली। दीनशाह गौरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत अलावलपुर में राज्य वित्त व 14वें वित्त से खड़ंजा निर्माण में घपला पकड़ा गया है। शासन स्तर पर हुई शिकायत की जांच में गड़बड़झाला पकड़ में आने के बाद प्रधान व ग्राम विकास अधिकारी से वसूली के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा प्रधान के खिलाफ अन्य कार्रवाई के लिए कारण बताओ नोटिस दिया है।
गौरा ब्लॉक के अलावलपुर गांव में राज्य वित्त व 14वें वित्त से सात खड़ंजों का निर्माण कराया गया। इसकी शिकायत पंकज सिंह ने शासन स्तर पर की। शासन के निर्देश पर एई डीआरडीए व भूमि संरक्षण अधिकारी ने कार्यों की जांच की तो मनमानी उजागर हो गई। करीब 46,130 रुपये के अपव्यय का मामला जांच में पकड़ में आने के बाद जिला विकास अधिकारी ने अलावलपुर के ग्राम विकास अधिकारी रामबरन यादव से आधी धनराशि की वसूली के आदेश दिए हैं। इसके अलावा वीडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी कर अन्य कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। मामले में प्रधान मंजू देवी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ ही अपव्यय की गई धनराशि को जमा करने के आदेश दिए गए हैं।
अलावलपुर में खड़ंजा निर्माण में मनमानी की शिकायत शासन स्तर पर हुई थी। दो सदस्यीय टीम से मामले की जांच कराई गई। जांच में अपव्यय की गई धनराशि की वसूली प्रधान व ग्राम विकास अधिकारी से कराने के आदेश दिए गए हैं।
एके वैश्य, जिला विकास अधिकारी