रायबरेली। सीनियर सिटीजनों को कोरोना के टीके लगाए गए। जिले में 25 सेंटरों पर सोमवार सुबह टीकाकरण शुरू हुआ। शाम तक 3544 बुजुर्गों व अन्य लोगों को टीके लगाए गए। कुछ लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई। तीन निजी नर्सिंगहोम में भी 70 लोगों को टीका लगाया गया। हालांकि लक्ष्य के सापेक्ष टीकाकरण नहीं हो पा रहा है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि सोमवार को जिले में 10 हजार वृद्धजनों व अन्य बीमार लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया था। लक्ष्य के सापेक्ष 3544 लोगों को टीके लगाए गए। निजी अस्पतालों जेएन हॉस्पिटन में 10, द रिलीफ आर्थोपेडिक सेंटर में 50 और सरयूदेवी अस्पताल बछरावां में 10 लोगों को टीके लगाए गए।
हरचंदपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. शरद कुशवाहा ने बताया कि सोमवार को अस्पताल में 180 वृद्धजनों को टीके लगाए गए। टीकाकरण का प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है। जिले के लालगंज सीएचसी में 449, शिवगढ़ में 256, महराजगंज में 209, बछरावां में 251, सलोन में 337, ऊंचाहार में 172, जगतपुर में 146 लोगों को टीके लगाए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीरेंद्र सिंह ने गांवों में रहने वाले वृद्धजनों से अपील की कि वे अपनी नजदीक की सीएचसी पर जाकर कर कोरोना का टीका जरूर लगवाएं। सप्ताह के सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार को आधार कार्ड व किसी अन्य परिचयपत्र की फोटोकॉपी के साथ सीएचसी पर जाकर टीका लगवा सकते हैं। पहले से पंजीयन कराने की जरूरत नहीं है। कोरोना के केस बढ़ रहे हैं, इसलिए वृद्धजन टीका जरूर लगवाएं।