रायबरेली। जिले में कोरोना का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। जगतपुर कोतवाली के दरोगा मोहनकृष्ण त्रिपाठी समेत 35 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। मरीजों को इलाज के लिए रेल कोच फैक्टरी के एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहले से कोरोना संक्रमित 38 मरीज स्वस्थ होने के बाद अपने घर पहुंच गए। इसके अलावा अग्निशमन विभाग की टीम ने शहर के कई क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन का काम किया।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि जिले में शुक्रवार को 35 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें एंटीजन जांच में जगतपुर थाने के दरोगा मोहन कृष्ण त्रिपाठी संक्रमित मिले हैं। जगतपुर के ही सराय श्रीबख्श गांव के चार लोगों की रिपोर्ट केजीएमयू से पॉजिटिव आई है।
इसके अलावा जगन्नाथगज, डीह, घोसियाना, पूरे सरदार, पूरे भवानीबख्श, लालगंज, गंभीरपुर, दौडापुर, बड़ा घोसियाना, एनटीपीसी कॉलोनी, हरचंदपुर, जगतपुर, डलमऊ, बाबूखेड़ा आदि क्षेत्रों में कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। जिले में अब तक 4467 मरीज संक्रमित हो चुके हैं। इसमें 4071 मरीज स्वस्थ भी हो चुके हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आरके पांडेय ने बताया कि शहर के पुलिस लाइन, सब्जी मंडी, राना नगर, सत्य नगर, इंदिरा नगर आदि क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन काम किया गया है।
रेलवे स्टेशन पर 40 यात्रियों की कोरोना की जांच
शहर के मुख्य रेलवे स्टेशन के बाहर शुक्रवार को जांच के लिए कैंप लगाया गया। एनएचएम के जिला शहरी समन्वयक विनय पांडेय ने बताया कि ट्रेनों से आने वाले यात्रियों की जांच के लिए स्टेशन पर कैंप लगाया गया। एक-एक करके 40 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजा गया है। शहर की मलिन बस्तियों में भी 300 से अधिक लोगों के सैंपल लिए गए हैं।
लालगंज में एक महिला मिली कोरोना पॉजिटिव
लालगंज (रायबरेली)। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को टारगेट सैंपलिंग के अंतर्गत 79 लोगों की कोरोना की जांच की गई। एंटीजन जांच में एक महिला संक्रमित पाई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कस्बे के घोसियाना और पूरेबाबा मोहल्ले में कुल 70 लोगों की एंटीजन जांच की। जबकि सीएचसी में लगे जांच कैम्प में नौ लोगों की जांच की गई। जांच रिपोर्ट में एक महिला संक्रमित पाई गई है। प्रभारी सीएचसी अधीक्षक डॉ. एसके सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट में संक्रमित पाई गई महिला को इलाज के लिए एल टू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।