रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) के 22 रिक्त पदों को भरने के लिए चल रही चयन प्रक्रिया के लिए परीक्षा की तिथि तय हो गई। लिखित परीक्षा 17 अगस्त को शहर के पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। इसमें 34 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
एआरपी के लिए 40 आवेदन आए थे, लेकिन परीक्षण में छह आवेदन पत्र निरस्त कर दिए गए। लिखित परीक्षा के नतीजे आने के बाद सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार कराया जाएगा। इसके बाद अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों की मेरिट बनेगी और उन्हें रिक्त पदों पर कार्यभार दिलाया जाएगा।
जिले में एक नगर क्षेत्र और 18 विकास क्षेत्र हैं। हर क्षेत्र में पांच एआरपी होने चाहिए। इस तरह से कुल 95 पद भरे जाने हैं। इन पदों पर परिषदीय विद्यालयों के अध्यापकों का ही चयन किया जाता है। बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी 95 पदों को भरने के लिए बीते शैक्षिक सत्र में तीन बार चयन प्रक्रिया अपनाई, लेकिन हर बार पद खाली रह जाते थे।
वर्तमान में 73 पद ही भरे हैं, जबकि 22 पद अभी खाली हैं। छतोह व रोहनिया में चार-चार, सरेनी व नगर क्षेत्र में तीन-तीन और बछरावां, डीह, गौरा, जगतपुर, खीरों, लालगंज, महराजगंज व सलोन में एक-एक पद रिक्त है। रिक्त पद भरने के लिए जुलाई में प्रक्रिया शुरू हुई थी। इस पर परिषदीय विद्यालयों के 40 अध्यापकों ने आवेदन किया। परीक्षण के बाद 34 अभ्यर्थी अर्ह पाए गए, जिन्हें लिखित परीक्षा में भाग लेना होगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने बताया कि 17 अगस्त को होने वाली परीक्षा में सभी 34 अभ्यर्थियों को भाग लेना है। सभी को आधार कार्ड, पैनकार्ड या विभाग से जारी पहचान पत्र साथ लाना होगा। बिना पहचान पत्र के परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे। मोबाइल, कैलकुलेटर, पेजर, इलेक्ट्रानिक वाच व अन्य किसी प्रकार के इलेक्ट्राॅनिक उपकरण नहीं ला सकेंगे।