रायबरेली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड प्रयागराज से संचालित प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) की परीक्षा बुधवार को भी कराई गई। दूसरे दिन 337 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दोनों पालियों में 2305 अभ्यर्थी पंजीकृत थे जिनमें से 1968 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। तीनों केंद्रों पर सख्त पहरा रहा। अधिकारियों ने भी भ्रमण किया। कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन कराया गया।
पीजीटी परीक्षा के लिए शहर में राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और महात्मा गांधी इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 से पूर्वाह्न 11.30 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2.30 से सायं 4.30 बजे तक हुई।
दूसरे दिन की परीक्षा के दौरान पहली पाली में 1323 पंजीकृत अभ्यर्थियों में 1125 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी जबकि 198 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 982 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी जिनमें से 843 अभ्यर्थी उपस्थित और 139 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
सेक्टर मजिस्ट्रेट समेत कई अधिकारियों ने भ्रमण किया। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा ने बताया कि हर केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षक की तैनाती रही। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से कराई गई।