केवी सबसे नजदीक तो भोजपुर सबसे दूर बना बूथ
रायबरेली। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ने निकलीं 2256 पोलिंग पार्टियां शाम सात बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं। संस्थान से मात्र 500 मीटर की दूरी पर सबसे नजदीक केंद्रीय विद्यालय का मतदान बूथ बनाया गया है, जबकि 60 किलोमीटर से अधिक दूर सरेनी क्षेत्र के भोजपुर को मतदान बूथ बनाया गया है।
डीएम नेहा शर्मा ने बताया कि सभी पोलिंग पार्टिंयां समय से मतदान केंद्रों पर पहुंच गई हैं। सेक्टर मजिस्ट्रेटों को रात में ही एक बार और बूथों पर पहुंचकर व्यवस्था को चेक करने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही सुबह सात बजे तक मतदान हरहाल में शुरू कराने के लिए कहा गया है। सभी बूथों पर सुरक्षा के खास बंदोबस्त किए गए हैं। चुनाव के दौरान आचार संहिता का शत प्रतिशत पालन कराया जाएगा।
डीएम नेहा शर्मा अपने परिवार के साथ राजकीय इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 132 में अपने परिवार के साथ सुबह ही पहुंचकर मतदान करेंगी। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह भी अपने परिवार के साथ केंद्रीय विद्यालय स्थित बूथ संख्या 202 में पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग करें। यह पहली बार है कि जिले के आला अधिकारी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। डीएम ने कहा कि सभी वोटर घर से निकले और मतदान के सभी पुराने रिकार्डों को तोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित करें।