रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) के 42 रिक्त पदों के लिए चयन प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए महज 30 आवेदन ही आए हैं। इससे सभी पद भर पाना संभव नहीं है। अभी तो इन आवेदन पत्रों का परीक्षण होगा, फिर लिखित परीक्षा, माइक्रो टीचिंग और साक्षात्कार की प्रक्रिया से गुजरने के दौरान अभ्यर्थियों की संख्या घटने की संभावना भी बनी है। तीसरे चरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी जो पद रिक्त रह जाएंगे, उन्हें भरने के लिए चौथे चरण की चयन प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।
जिले में एक नगर क्षेत्र और 18 विकास क्षेत्र हैं। प्रत्येक क्षेत्र में अलग-अलग विषयों के पांच-पांच एआरपी होने चाहिए। इस तरह 95 पद भरने हैं। दो बार चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी 42 पद अभी रिक्त हैं। पहले चरण की चयन प्रक्रिया में 31 अभ्यर्थी और दूसरे चरण की चयन प्रक्रिया में 22 अभ्यर्थी चयनित हुए थे। इसीलिए 42 रिक्त पदों के लिए तीसरे चरण की चयन प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए पहले 15 दिसंबर तक आवेदन मांगे गए थे, लेकिन काफी कम आवेदन आने के कारण अंतिम तिथि 25 दिसंबर तक बढ़ाई गई थी। इसके बावजूद पर्याप्त संख्या में आवेदन नहीं आए हैं।
एआरपी बनने के लिए परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों से ही आवेदन मांगे जा रहे हैं, लेकिन शिक्षक शुरू से ही रुचि नहीं ले रहे हैं। यही वजह है कि दो चरणों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी पद नहीं भर सके हैं। तीसरे चरण की प्रक्रिया में भी यही हाल है। एआरपी के जिन 42 रिक्त पदों के लिए तीसरे चरण की चयन प्रक्रिया चल रही है, उनमें हिंदी विषय के 10, अंग्रेजी विषय के 13, विज्ञान विषय के आठ, गणित विषय के चार और सामाजिक अध्ययन विषय के सात पद शामिल हैं। कुल 30 आवेदन पत्र आए हैं, जिनके आवेदन पत्रों की जांच शुरू करा दी गई है।
जिन अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र सही पाए जाएंगे, उन्हें लिखित परीक्षा में भाग लेना होगा। लिखित परीक्षा के लिए तैयारी चल रही है। जल्दी ही तिथि तय की जाएगी। लिखित परीक्षा में पास होने वाले अभ्यर्थियों को माइक्रो टीचिंग और फिर साक्षात्कार में प्रतिभाग करना होगा। इसके बाद ही चयन प्रक्रिया पूरी होगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह का कहना है कि एआरपी के रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया चल रही है। आवेदन की समय सीमा समाप्त हो चुकी है। आवेदन पत्रों का परीक्षण कराया जा रहा है। जल्दी ही लिखित परीक्षा की तिथि तय की जाएगी।