रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) के 22 रिक्त पदों के लिए चयन प्रक्रिया चल रही है। मंगलवार को 29 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार हुआ। लिखित परीक्षा में इन्हीं अभ्यर्थियों को सफलता मिली है। साक्षात्कार के बाद रिजल्ट आएगा और उसके बाद स्थान आवंटन किया जाएगा।
एआरपी के लिए हो रही चयन प्रक्रिया में भले ही 22 रिक्त पदों पर अभ्यर्थी चयनित किए जाने थे, लेकिन नगर क्षेत्र से आवेदन न आने के कारण सिर्फ विकास क्षेत्रों के 19 रिक्त पदों पर ही चयन होगा। चयन के लिए मंगलवार को विकास भवन सभागार में अभ्यर्थियों का साक्षात्कार हुआ। लिखित परीक्षा में 29 अभ्यर्थियों ने 60 फीसदी या इससे अधिक अंक प्राप्त कर सफलता पाई है, उन्हीं का साक्षात्कार लिया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने बताया कि सुबह 10 बजे से साक्षात्कार हुआ। साक्षात्कार में सफल अभ्यर्थियों का परिणाम घोषित होगा और उसके बाद क्षेत्र आवंटन किया जाएगा।
बीते सत्र में तीन बार हुई चयन प्रक्रिया
जिले में एक नगर क्षेत्र और 18 विकास क्षेत्र हैं। हर क्षेत्र में पांच एआरपी होने चाहिए। इस तरह कुल 95 पद भरे जाने थे। इन पदों पर परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों का चयन किया जाता है। बीते शैक्षिक सत्र में तीन बार चयन प्रक्रिया हुई, जिनमें 73 पद ही भरे जा सके थे। वर्तमान में 22 पद रिक्त हैं। इनमें छतोह व रोहनिया में चार-चार, सरेनी व नगर क्षेत्र में तीन-तीन और बछरावां, डीह, गौरा, जगतपुर, खीरों, लालगंज, महराजगंज व सलोन में एक-एक पद खाली है।
इन पदों पर चयन के लिए जुलाई में प्रक्रिया शुरू हुई थी। इस पर 40 अध्यापकों ने आवेदन किए थे। सभी आवेदन सिर्फ ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों से आए थे। नगर क्षेत्र से कोई आवेदन नहीं आया था। आवेदन पत्रों का परीक्षण करने के बाद 35 अभ्यर्थियों को अर्ह पाया गया, जिन्हें लिखित परीक्षा में भाग लेना था। परीक्षा में 32 अभ्यर्थी शामिल हुए। जिला समन्वयक बृजलाल ने बताया कि नगर क्षेत्र से कोई आवेदन नहीं आया, जिससे नगर क्षेत्र के तीन रिक्त पदों पर चयन नहीं होगा।