रायबरेली। राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) में दशम दीक्षांत समारोह 27 नवंबर को दोपहर 2 बजे से आयोजित होगा। इसमें वर्ष 2020 तथा 2021 बैच के 261 विद्यार्थियों को स्नातक तथा स्नातकोत्तर की उपाधि प्रदान की जाएगी।
इनमें एक्सेसरी डिजाइन के 50, फैशन डिजाइन के 59, लेदर डिजाइन के 47, फैशन कम्युनिकेशन के 55 एवं मास्टर ऑफ फैशन मैनेजमेंट पाठ्यक्रम के 50 विद्यार्थी शामिल हैं।
समारोह के मुख्य अतिथि वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार के सचिव (वस्त्र) एवं निफ्ट के बोर्ड ऑफ गवनर्स के अध्यक्ष उपेंद्र प्रसाद सिंह (आईएएस), विशिष्ट अतिथि निफ्ट के महानिदेशक शांतमनु (आईएएस) होंगे।
निफ्ट के संयुक्त निदेशक नंदन सिंह बोरा ने बताया कि समारोह में निफ्ट के निदेशक डॉ. भारत साह पिछले दो वर्षों की अकादमिक रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। अतिथियों के हाथों बेस्ट एकेडमिक परफॉरमेंस अवार्ड, स्टूडेंट ऑफ द ईयर अवार्ड, निफ्ट मेरिटोरियस अवार्ड, बेस्ट ग्रेजुएशन अवार्ड, बेस्ट एक्जंप्लरी एप्लीकेशन ऑफ डिजाइन मेथोडोलॉजी अवार्ड, मोस्ट कॉमर्शियली वायबल डिजाइन अवार्ड, मोस्ट क्रिएटिव एंड इनोवेटिव डिजाइन कलेक्शन एवं बेस्ट यूज ऑफ ट्रेडिशनल स्किल्स एंड कंटेपरेरी स्टाइलिंग अवार्ड सहित कुल 64 मेडल तथा अवार्ड प्रदान किए जाएंगे।