कोटा चयन में हंगामा, पुलिस ने चटकाईं लाठियां
डीह। मऊ गांव में शुक्रवार को कोटे की दुकान के चयन में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हुई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां चटकाते हुए सभी को खदेड़ दिया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कोटे की दुकान का चयन हुआ।
डीह के मऊ गांव में कोटे की दुकान का चयन होना था। इसके लिए शुक्रवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय में गांव की खुली बैठक प्रधान रामहेत की अध्यक्षता में बुलाई गई।
सहायक विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह व ग्राम विकास अधिकारी सुरेश यादव ने बैठक शुरू की। कोटे की दुकान के लिए मुकेश कुमार ने नामांकन दाखिल किया।
कुछ देर बाद गांव की सुशीला देवी ने भी नामांकन किया। मुकेश के पक्ष में काफी ग्रामीणों ने हाथ उठाया और इसी बात पर दोनों पक्षों के समर्थकों में हाथापाई हो गई।
देखते ही देखते दोनों पक्ष लाठी-डंडे लेकर आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां चटकाई, जिससे भगदड़ मच गई। पुलिस की मौजूदगी में बैठक की प्रक्रिया पूरी कराकर मुकेश को कोटेदार चुना गया।
सहायक विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि कोटे की दुकान के लिये मुकेश का चयन हुआ है। रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी जाएगी। डीह थानेदार रामाशीष उपाध्याय ने बताया कि बैठक दोनों पक्षों के समर्थक भिड़ गए थे। किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।