गलन से बढ़ी कंपकंपी, 14 तक स्कूल बंद
रायबरेली। गलन से कंपकंपी बढ़ गई है। सर्दी का सितम थम नहीं रहा है। हर कोई कड़ाके की ठंड से बेहाल है। गुरुवार भी ठिठुरते हुए बीता।
किसी ने ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लिया तो कोई घरों में दुबका रहा। ठिठुरते हुए बच्चों को गुरुवार को भी स्कूल जाना पड़ा।
हालांकि स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी को देखते हुए आखिरकार जिला प्रशासन का दिल पसीजा और शुक्रवार को कक्षा एक से लेकर आठ तक के सभी बोर्डों के स्कूल 14 तक बंद कर दिए गए। ऐसे में अगर मौसम सही हो गया तो अब सोमवार को ही स्कूल खुलेंगे।
सर्दी का कहर दिनोंदिन बढ़ रहा है। सुबह कोहरे छाया रहा और बदली छाने से लोगों की कंपकंपी छूट गई। कोहरे की वजह से वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया।
दिन में हेडलाइट जलाकर वाहन रेंगते हुए नजर आए। शीतलहरी से हर कोई ठिठुर गया। शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में लोग अलाव के आसपास सिमटे दिखे।
चाय की दुकानों पर भीड़ देखी गई। सर्दी का असर बाजारों में भी दिख रहा है। उधर, लखनऊ मंडल के अन्य जनपदों में ठंड को देखते हुए स्कूलों छुट्टी कर दी गई थी, लेकिन जिला प्रशासन की ओर से अवकाश नहीं घोषित किया गया था।
जिसकी वजह से बच्चे कड़ाके की सर्दी में भी ठिठुरते हुए स्कूल जाने को विवश थे। अब गुरुवार को जिला प्रशासन ने कक्षा-8 तक के सभी स्कूल 14 जनवरी तक बंद कर दिए हैं।