रायबरेली। स्वच्छ भारत मिशन के तहत अधिक से अधिक प्रसाधन के निर्माण का काम पूरा कराने के आदेश के बाद भी ग्राम पंचायत अधिकारी मनमानी पर अमादा है।
सीडीओ राकेश कुमार ने सतांव ब्लॉक के दो गांवों का निरीक्षण किया तो पाया कि बजट मिलने के बाद भी कर्मचारियों ने 69 लाभार्थियों के खातों में धनराशि नहीं भेजी। मामले में डीडीओ ने ग्राम पंचायत अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस देकर जवाब मांगा है।
सीडीओ ने सतांव ब्लॉक के चंदई रघुनाथपुर का निरीक्षण किया तो पाया कि बीती 15 जनवरी को ही प्रसाधन की धनराशि मिलने के बाद भी लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त नहीं भेजी गई।
इसके अलावा प्रसाधनों के निर्माण की प्रगति भी बेहद खराब मिली। ग्राम पंचायत अधिकारी शैशव श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस दी है।
इसके अलावा सोइठा गांव में भी इसी तरह मनमानी मिलने के बाद ग्राम पंचायत अधिकारी संगीता अग्रहरि को भी कारण बताओ नोटिस देकर जवाब मांगा है। सीडीओ राकेश कुमार ने बताया कि प्रगति में सुधार न आने पर कार्रवाई की जाएगी।