टैंकर ने रेलवे के रिटायर्ड बेलदार को कुचला, मौत
बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में लखनऊ-इलाहाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बल्ली खेड़ा गांव के पास सोमवार को घर से खेत की तरफ जा रहे रेलवे के रिटायर्ड बेलदार को टैंकर ने कुचल दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव के टुकड़ों को एक जगह एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बल्ली खेड़ा गांव निवासी रेलवे के रिटायर्ड बेलदार पलटू प्रसाद (65) सुबह करीब 10.30 बजे घर से खेतों की तरफ जा रहा था। लखनऊ-इलाहाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर टैंकर ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद वाहन चालक टैंकर को लेकर भाग गया। इस हादसे में शव के चिथड़े उड़ गए और सड़क पर इधर-उधर फैल गए। घटना की सूचना पर बछरावां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर फैले हुए शव के टुकड़ों को एक जगह जुटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की जानकारी होने पर मृतक की पत्नी बारा देवी और पुत्र रामसनेही, मंसाराम, महेश प्रसाद का रो-रो कर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के परिवारीजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।