नियुक्ति पत्र और अभिलेख जमा किए, नहीं मिली जॉइनिंग
रायबरेली। परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में गणित व विज्ञान विषय के सहायक अध्यापकों को सोमवार को भी जॉइनिंग की अनुमति नहीं मिली है। बीएसए कार्यालय में अपने अभिलेख और नियुक्ति पत्र जमा करने वाले इन अध्यापकों ने कार्यभार ग्रहण करने की अनुमति न मिलने पर जिलाधिकारी से शिकायत की है। इन अध्यापकों का कहना है कि 20 दिसंबर तक कार्यभार ग्रहण करना है, लेकिन अभी अनुमति नहीं मिल सकी है।
जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में मयंक सिंह वर्मा, वीरेंद्र कुमार, अश्विनी कुमार, सचिन चंद्रा, सुनील कुमार साहू, अमित कुमार, वेदांशु त्रिपाठी, सतीश चौरसिया, हेमंत निषाद, अजीत कुमार, मधु, सत्येंद्र बहादुर सिंह समेत 20 लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। इन लोगों ने बताया कि उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव के 7 दिसंबर को जारी निर्देश के क्रम में बीएसए ने 15 दिसंबर को विज्ञप्ति जारी की। इसमें कहा गया कि प्रथम चक्र की अंतिम काउंसलिंग तथा यूपीटीईटी परीक्षा में 82 अंक प्राप्त कर उत्तीर्ण करने वाले ऐसे अभ्यर्थी, जो गणित या विज्ञान के सहायक अध्यापक पद के लिए चयनित हैं और उन्हें नियुक्ति पत्र निर्गत किया गया है, लेकिन किन्हीं कारणों से वह कार्यभार ग्रहण नहीं कर पाए हैं, उन्हें अंतिम अवसर देते हुए 18 दिसंबर तक मूल अभिलेख और नियुक्त पत्र बीएसए कार्यालय में जमा करना होगा। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि विज्ञप्ति जारी होने के बाद उन लोगों ने नियुक्ति पत्र और अभिलेख जमा किए, लेकिन उन्हें इसकी कोई रिसीविंग नहीं दी गई और न ही अब तक कार्यभार ग्रहण करने की अनुमति ही मिली है, जबकि 20 दिसंबर तक नियुक्ति स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना है। शिकायतकर्ताओं ने यह भी कहा कि उनकी नियुक्तियों को निरस्त बताकर अनुमति नहीं दी जा रही है। कार्यभार ग्रहण करने की अनुमति न मिल पाने से वे लोग परेशान हैं।
पहले देखेंगे नियुक्ति निरस्त तो नहीं हुई : बीएसए
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुमार शुक्ला का कहना है कि अभी तक छह-सात लोगों के मामले सामने आए हैं। जिन लोगों ने मूल अभिलेख और नियुक्ति पत्र जमा किए हैं, उनकी जांच कराई जा रही है। पहले यह देखेंगे कि कहीं किसी की नियुक्ति निरस्त तो नहीं कर दी गई है। जिनकी नियुक्ति निरस्त नहीं होगी, उन्हें कार्यभार ग्रहण करने की अनुमति दे दी जाएगी।