गंगा नहर की पटरी में लगाए गए विद्युत पोल, सिंचाई विभाग ने रोका कार्य
रायबरेली। करीब एक लाख आबादी को भरपूर बिजली मिलने का सपना पूरा होता नहीं दिख रहा है। नए उपकेंद्र बरस के लिए लाइन बिछाने का कार्य ठप हो गया है। इसका सबसे बड़ा कारण विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कराने वाली संस्था है। उपकेंद्र तो बन गया है, लेकिन हाईटेंशन लाइन के निर्माण में संस्था ने सिंचाई विभाग की जमीन पर पोल लगवा दिया। मामला जानकारी में आने पर सिंचाई विभाग के अफसरों ने कार्य रोकवा दिया। साथ ही रिपोर्ट लिखाने की चेतावनी दी।
केंद्र सरकार की पंडित दीन दयाल उपाध्याय योजना के तहत डलमऊ तहसील क्षेत्र के बरस गांव में नया विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कराया जा रहा है। उपकेंद्र का निर्माण हो चुका है, लेकिन अब तक 33 केवी लाइन का निर्माण नहीं हो सका है। इसकी सबसे बड़ी वजह है कि निर्माण एजेंसी की मनमानी है। लाइन को बनाने के लिए डलमऊ पंप कैनाल से निकली बेलाभेला पोषक नहर की पटरी पर खंभे लगा दिए गए, जबकि पोल लगाने के लिए सिंचाई विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई है। इसकी जानकारी होने पर सिंचाई विभाग ने काम रोक दिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि लाइन का निर्माण कराया गया तो निर्माण एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
डलमऊ और लालगंज के लोगों को भी मिलेगी राहत
बरस गांव में बन रहे बिजली उपकेंद्र का निर्माण हो जाने से डलमऊ और लालगंज के उपभोक्ताओं को राहत मिल जाएगी। लालगंज और डलमऊ के करीब 10 हजार उपभोक्ताओं को अलग कर बरस से बिजली आपूर्ति की तैयारी थी, लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं होने से उपभोक्ताओं को कोई राहत नहीं मिली है।
बेलाभेला पोषक नहर की पटरी में पोल लगाने की शिकायत मिली थी। बिना एनओसी लिए हो रहे कार्य को रोकवा दिया गया है। निर्माण कराने वाली एजेंसी से लाइन का सर्वे चार्ट और विभाग से ली गई एनओसी मांगी गई है। यदि दुबारा कार्य शुरू किया गया तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।-सिद्धार्थ कुमार, सिंचाई विभाग खंड दक्षिणी