हादसों में किशोरी समेत तीन लोगों की मौत, 27 घायल
अमर उजाला ब्यूरो
रायबरेली। जिले में कार्तिक पूर्णिमा पर वाहनों की रफ्तार से सड़कें लाल हो गईं। मिल एरिया थाना क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से गंगा स्नानार्थियों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। इससे एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हुए। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। बछरावां में जीप की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हुए। जगतपुर थाना क्षेत्र में भी एक युवक की मौत हो गई।
अमावां प्रतिनिधि के मुताबिक हरचंदपुर थाना क्षेत्र के पूरे भुवन और गोहन्ना गांव के लोग शुक्रवार की रात ट्रैक्टर-ट्रॉली से गंगा स्नान करने जा रहे थे। लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर रतापुर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इस पर सवार अंजली (14) पुत्री संजय निवासी गोहन्ना की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा अतुल यादव (21), जीतू यादव (17), हिमानी (13), कृष्णावती (70), मायादेवी (60), ज्ञानवती (40), बिंदेश्वरी (50), ज्ञानवती (50) पत्नी गुरु प्रसाद, रामकली (65), इंद्रराज (45), बबलू गौतम (25), सुमन (25), रुपाली (13), अन्नू यादव (13), गुड़िया (15), अखिलेश यादव (25), शैलेंद्र यादव (23) घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
बछरावां प्रतिनिधि के मुताबिक सरौरा गांव के पास इलाहाबाद से लखनऊ जा रही कार ने तेज रफ्तार ओवरटेक करते हुए इलाहाबाद से ही लखनऊ जा रही स्कार्पियो को टक्कर मार दी और अनियंत्रित होकर सड़क पर चल रहे दो साइकिल सवारों को रौंद दिया। गाड़ी सड़क के किनारे रखी मोटरसाइकिल मिस्त्री की गुमटी तोड़ते हुए खेत में जा घुसी। दुर्घटना में साइकिल सवार दीपक (18) पुत्र भैरो प्रसाद निवासी अभिमान खेड़ा मजरे रानी खेड़ा थाना शिवगढ़ की मौके पर मौत हो गई। वहीं दूसरे साइकिल सवार अजय कुमार (22) पुत्र नन्हई, सीमा (20) पत्नी अजय कुमार, सुहानी (2) पुत्री बल्लू निवासी अभिमान खेड़ा मजरे रानी खेड़ा थाना शिवगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। मोटरसाइकिल मिस्त्री की गुमटी के पास खड़ी उमेशा कुमारी (22), मीना कुमारी (20), प्रीति (21) निवासी महरौरा थाना बछरावां घायल हो गए।
वहीं स्कार्पियो सवार वीरेंद्र सिंह (50) पुत्र सुल्तान सिंह, मीना सिंह (48) पत्नी वीरेंद्र सिंह, चालक चुन्नू सिंह (25) पुत्र कल्लू सिंह सभी निवासी अशोक नगर इलाहाबाद घायल हुए। बोलेरो सवार पति-पत्नी विनय कुमार मिश्रा (27) पुत्र सुभाष चंद्र मिश्रा, नीतू मिश्रा (25) पत्नी विनय कुमार निवासी धूमनगंज जनपद इलाहाबाद घायल हुए। सभी को सीएचसी पहुंचाया गया। अजय कुमार, सीमा, नीतू मिश्रा व प्रीति को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जगतपुर प्रतिनिधि के मुताबिक शुक्रवार की रात जगतपुर कस्बे में पंजाब सिंध बैंक के सामने लखनऊ-इलाहाबाद हाईवे पर साइकिल सवार और मोटरसाइकिल सवार में टक्कर हो गई। इसमें साइकिल सवार राजकुमार (30) पुत्र हुबलाल निवासी कूड़ थाना जगतपुर की मौत हो गई। मृतक हुबलाल खुशहाली सेवा केंद्र जगतपुर में नौकरी करता था। बाइक सवार प्रवेश कुमार पुत्र श्यामसुंदर यादव निवासी जमालपुर को पकड़ लिया गया। एसओ राकेश सिंह ने बताया कि बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।