रायबरेली में बुधवार को बछरावां क्षेत्र के मलिकपुर सरैंया गांव में लगी आग की घटना के बाद मौजूद लोग
- फोटो : RAIBARAILY
बछरावां-गदागंज। पावर कॉर्पोरेशन के अफसरों की लापरवाही किसानों पर भारी पड़ रही है। गेहूं की फसल पककर खेतों में खड़ी है। ऐसे में बिजली के तारों की स्पार्किंग की वजह से आए दिन आग लग रही है। बुधवार को बछरावां और गदागंज थाना क्षेत्र में स्पार्किंग की वजह से किसानों की 18 बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बछरावां कोतवाली क्षेत्र के मलिकपुर सरैंया गांव में गेहूं की खड़ी फसल अचानक धू-धू कर जलने लगी। फसल को जलता देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लगभग 15 बीघा फसल जलकर खाक हो गई। फसलों से धुआं उठता देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया। वहीं कुछ ग्रामीणों ने घटना की सूचना फायर ब्रिगेड स्टेशन बछरावां को दी। जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, तब तक ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। आग से विद्या देवी, शरीफ , सलमान, सुदामा देवी, रहमान आदि किसानों की फसलें जली।
ग्रामीणों का आरोप है कि खेतों के बीच से निकली 11000 लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट की वजह से खेतों में आग लगी है। मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल ने मौका मुआयना किया। हल्का लेखपाल संतोष पटेल ने बताया कि मौका मुआयना किया है। रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। पावर कॉर्पोरेशन के एसडीओ शशांक गुप्ता ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है कि नहीं इस बात की जांच कराई जाएगी। गदागंज थाना क्षेत्र नेवलगंज देवगना मजरे कीरतपुर चरुहार में शॉर्ट सर्किट से गेहूं की फसल में आग लग गई। इससे देखते ही देखते फसल जलकर राख हो गई। नेवलगंज निवासी रामबहादुर, देवगना निवासी स्वामीदीन की डेढ़-डेढ़ बीघे गेहूं की फसल जल गई।