एआरटीओ दफ्तर का सर्वर फेल, गुस्साए वाहन मालिक
रायबरेली। दो दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को खुले एआरटीओ दफ्तर में सर्वर ने वाहन मालिकों को खूब रुलाया। सर्वर फेल होने के कारण वाहनों व टैक्स जमा नहीं हो पाया। साथ ही नए वाहनों के पंजीयन के लिए भी शुल्क नहीं जमा हो पाया। इससे वाहन मालिकों को परेशान होना पड़ा। वाहन मालिकों में नाराजगी रही, बाद में बैरंग वापस लौटना पड़ा।
एआरटीओ दफ्तर में सोमवार को व्यवसायिक वाहनों के टैक्स के साथ ही अन्य शुल्क जमा करने के लिए काउंटर पर लंबी लाइन लग गई। करीब साढे़ 11 बजे टैक्स जमा करने का काम शुरू हुआ, लेकिन कुछ देर तक सर्वर काम करने के बाद ठप हो गया। लगातार सर्वर के खराब रहने के कारण वाहन मालिकों को परेशान होना पड़ा। दोपहर दो बजे के बाद भी सर्वर में खराबी होने के कारण वाहन मालिक बिना काम के वापस लौट गए। टैक्स जमा न होने से विभाग को लाखों का नुकसान हुआ। वाहन मालिकों का कहना है कि आए दिन यहां यह समस्या रहती है। कर्मचारी से लेकर अधिकारी तक समस्या को सुधारने के लिए प्रयास नहीं कर रहे हैं। एआरटीओ (प्रशासन) पुष्पांजलि मित्रा ने बताया कि सर्वर में दिक्कत होने के कारण समस्या आई है। मंगलवार को सर्वर के काम करने पर टैक्स जमा कराया जाएगा।