रायबरेली। शहर क्षेत्र के मटिहा स्थित अकबरपुर कछवाह का कोटेदार केरोसिन कालाबाजारी करने जा रहा था। ग्रामीणों ने पुलिस को बुलवाकर उसे पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर आपूर्ति निरीक्षक सुखदेव ने सदर कोतवाली पहुंचकर बरामद करीब 140 लीटर केरोसिन को कब्जे में लेकर इब्राहिमपुर के कोटेदार के सुपुर्द कर दिया। साथ ही कोटेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए अपनी रिपोर्ट डीएम को भेज दी।
इब्राहिमपुर की कोटे की दुकान दृष्टिहीन बुधाना देवी के नाम से संचालित है। इस दुकान का संचालन राजेश कुमार करता है।
ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि चार डिब्बों में भरकर करीब 140 लीटर केरोसिन बेचने के लिए कोटेदार जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर केरोसिन को कब्जे में ले लिया।
आपूर्ति निरीक्षक सुखदेव ने कोतवाली पहुंचकर केरोसिन को इब्राहिमपुर की दुकान के सुपुर्द कर दिया और कोटेदार पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए डीएम से अनुमति लेने के लिए रिपोर्ट भेज दी है।
आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि राजेश कुमार दुकान को संचालित करता है। उसी को 140 लीटर केरोसिन के साथ ग्रामीणों ने पकड़ा है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए रिपोर्ट डीएम को भेज दी है। डीएम से अनुमति मिलते ही मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।