परिवारीजनों ने विधवा के शव का अंतिम संस्कार करने से किया इंकार, हंगामा
रायबरेली। सलोन कोतवाली क्षेत्र में विधवा सरजूदेवी की हत्या से आक्रोशित परिवारीजनों व ग्रामीणों ने बुधवार को शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। सभी कोतवाल को हटाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
गुस्साए परिवारीजनोें ने न सिर्फ हंगामा किया, बल्कि पुलिस कर्मियों के साथ धक्कामुक्की भी की। कई थानों की फोर्स, पीएसी के साथ एएसपी मौके पर पहुंचे और परिवारीजनों को शांत कराने की कोशिश की।
बाद में जेसीबी से गड्ढा खोदवाकर पुलिस ने अपनी मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कराया। पुलिस ने प्रधान के एक बेटे समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं फरार चल रहे मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
गौरतलब है कि सलोन कोतवाली क्षेत्र के औना सदरा गांव की रहने वाली सरजू देवी पत्नी स्व. बुधराम की रविवार रात लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। विरोध करने पर उसकी बेटी रेनू को घायल कर दिया गया था।
रुपये के लेनदेन में वारदात को अंजाम दिया गया था। मृतका सरजूदेवी के पुत्र कपूर की तहरीर पर पुलिस ने सलोन देहात की ग्राम प्रधान गेंदादेवी के बेटे परमेश पटेल, दिनेश पटेल और मल्हू और ओम प्रकाश के विरुद्ध हत्या की एफआईआर दर्ज की है।
बुधवार सुबह परिवारीजन एक बार फिर आक्रोशित हो गए और शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी व कोतवाल को हटाने की मांग कर रहे थे।
सूचना पर कई थानों की फोर्स, पीएसी के साथ एएसपी शशिशेखर सिंह पहुंचे। एएसपी ने परिवारीजनों से बात की, पर वे अपनी मांग पर अड़े थे। मृतक के परिवारीजनों की तरफ से कुछ ग्रामीणों ने पुलिस से अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के लिए सख्ती दिखाई। इस बीच परिवारीजन आक्रोशित हो उठे और हंगामा करते हुए पुलिस कर्मियों से धक्का मुक्की करने लगे।
पुलिस मृतक के रिश्तेदारों को बुलाकर शव को अपने कब्जे में लिया और शव का अंतिम संस्कार करने के लिए खेत की ओर चल पड़े, पर मृतक के बेटे कपूर और राजू ने अपने किसी रिश्तेदार के आने की बात कहकर शव का अंतिम संस्कार करने से फिर रोकवा दिया।
हालांकि पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए जेसीबी से गड्ढा खोदवाया और जबरिया अंतिम संस्कार करा दिया। सलोन कोतवाल जीडी शुक्ला का कहना है कि प्रधान के बेटे दिनेश और मल्हू को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रधान के दूसरे बेटे परमेश पटेल और अन्य एक आरोपी की तलाश की जा रही है। एसपी शिवहरि मीणा का कहना है कि मामले में कार्रवाई कराई जा रही है। गांव में हालात पर नजर रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।