अब घर बैठे जमा होगा विद्युत बिल, नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर
रायबरेली। ग्रामीण क्षेत्र के करीब साढ़े तीन लाख उपभोक्ताओं को उपखंड कार्यालय और डिवीजनों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उपभोक्ताओं के घर पहुंचकर बिजली का बिल जमा कराया जाएगा। इसके लिए दो मोबाइल वैन शुरू की गई हैं। अधीक्षण अभियंता पंकज श्रीवास्तव ने बुधवार को मोबाइल वैनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल वैन केवल उपभोक्ताओं का बिल जमा करेंगे। दोनों मोबाइल वैन को चार-चार हजार बिलों को हर महीने जमा कराने का लक्ष्य दिया गया है।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि वितरण खंड द्वितीय और तृतीय में करीब साढ़े तीन लाख उपभोक्ता हैं। घर-घर मीटर रीडिंग लेकर उपभोक्ताओं को बिल उपलब्ध कराए जा रहे हैं, लेकिन किन्हीं कारणों से वह डिवीजन और उपखंड कार्यालय नहीं पहुंच पाते हैं। इस वजह से उनका बिल जमा नहीं हो पाता है। इस समस्या को देखते हुए दो मोबाइल वैन शुरू की गई है। इन वैनों में लैपटॉप, इंटरनेट, प्रिंटर समेत अन्य पूरी सुविधाएं हैं। मोबाइल वैन के कर्मचारी गांवों में घर-घर जाकर दिए गए बिलों को जमा कराएंगी। प्रत्येक वैन को एक महीने में कम से कम चार-चार हजार उपभोक्ताओं के बिल जमा करने का लक्ष्य दिया गया है।