रायबरेली। होली पर बीते मार्च में लिए गए खोवा, पनीर, कचरी, दूध, बेसन, छेना मिठाई समेत 16 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच में फेल हो गए हैं। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य कारोबारियों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। संबंधितों के खिलाफ एडीएम कोर्ट में मुकदमे की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बीते मार्च में अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा था। जांच में 16 नमूने फेल हो गए हैं। खोवा का नमूना फेल होने पर मटिहा निवासी रामनारायण, निहालखेड़ा शिवगढ़ निवासी सुबेदार, गूढ़ा शिवगढ़ निवासी पंकज कुमार, मुंशीगंज निवासी रामसुमिरन, जलालपुर थुलेंडी निवासी रंजीत कुमार को नोटिस दिया गया है।
छेना मिठाई भी जांच में मानकों के विपरीत मिलने पर करहिया बाजार निवासी रामू मोदनवाल, अघौरा निवासी धीरेंद्र कुमार, कृष्णपुर ताला निवासी लल्ला, कोरिहर बाजार अनिल कुमार को नोटिस दिया गया है। जांच में पनीर व दूध का नमूना खराब मिलने पर संदी नागिन निवासी विजय प्रताप सिंह, सोयाबीन रिफाइंड के विक्रेता बिल्हेमऊ निवासी रमेश सिंह, रंगीन कचरी के विक्रेता गोविंदपुर निवासी अतुल कुमार, किशमिश के विक्रेता मानिकपुर सलोन निवासी रोजाना बाजार के संचालक को नोटिस दियाा गया है।
बेसन के विक्रेता ऊंचाहार निवासी प्रदीप कुमार व काजू के विक्रेता पट्टी रहस कैथवल निवासी बसंतलाल को भी नोटिस दिया गया है। कारोबारियों को नोटिस देने के साथ ही एडीएम प्रशासन के कोर्ट में मुकदमे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
होली के दौरान चलाए गए अभियान में भरे गए खाद्य पदार्थों के 16 नमूने प्रयोगशाला की जांच में फेल आए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य कारोबारियों को नोटिस दिया गया है। सभी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को एडीएम प्रशासन कोर्ट में मुकदमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
- डॉ. सीआर प्रजापति, अभिहित अधिकारी, एफएसडीए