इसके लिए डीएम की ओर से सांसद सोनिया गांधी के निजी सचिव को पत्र भेजकर सांसद निधि से स्टेबलाइजर की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया है।
जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में फसलों की सिंचाई और राजकीय नलकूपों का मामला गंभीरता से उठाया गया था।
सांसद सोनिया गांधी ने राजकीय नलकूपों में लो-वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने के प्रयास करने की बात कही थी। इसके लिए सभी राजकीय नलकूपों में स्टेबलाइजर लगवाने का निर्णय लिया गया था।
सोनिया गांधी ने इस के लिए निधि से धन देने का आश्वासन दिया था। मामले में डीएम ने जिले के 150 राजकीय नलकूपों में स्टेबलाइजर लगवाने के लिए सांसद सोनिया गांधी के निजी सचिव को पत्र लिखा है।
बताया कि जिले में 380 राजकीय नलकूप लगाए गए हैं। पहले चरण में 150 नलकूपों में स्टेबलाइजर लगवाने का प्रयास शुरू किया गया है।
150 राजकीय नलकूपों में स्टेबलाइजर लगवाने के लिए एक करोड़ 12 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। एक स्टेबलाइजर की कीमत 74 हजार 700 रुपये होगी।
स्टेबलाइजर लगने के बाद नलकूपों में लो-वोल्टेज की समस्या से निजात मिल जाएगी और किसानों की सिंचाई की समस्या दूर हो जाएगी
पीडी इंद्रसेन सिंही ने बताया कि जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में राजकीय नलकूपों में लो-वोल्टेज की समस्या का मामला उठा था। सदन में स्वीकृति के बाद डीएम की ओर से सांसद को निधि से स्टेबलाइजर की व्यवस्था के लिए पत्र भेजा गया है।