रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों के लिए शुक्रवार को महत्वपूर्ण विषय की परीक्षा कराई गई, जिससे ज्यादातर अधिकारियों ने दोनों पालियों में दौड़ लगाई। पहली पाली में हाईस्कूल के 1486 परीक्षार्थियों ने गणित और दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के 790 परीक्षार्थियों ने भौतिक विज्ञान की परीक्षा नहीं दी। जिला स्तरीय सचल दलों के साथ जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने केंद्रों पर छापा मारा। संयुक्त शिक्षा निदेशक भी निरीक्षण करने पहुंचे।
पहली पाली में हाईस्कूल के परीक्षार्थियों की गणित विषय की परीक्षा कराई गई। इसमें 27206 परीक्षार्थी आवंटित थे, जिनमें से 25720 परीक्षार्थी उपस्थित और 1486 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों की भौतिक विज्ञान की परीक्षा हुई। इसमें 20091 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, लेकिन 19301 परीक्षार्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई और 790 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसके अलावा पहली पाली में इंटर की फल व खाद्य सुरक्षा, कुकरी, परिधान रचना, बहुद्देशीय स्वास्थ्य, रंगीन फोटोग्राफी, रेडियो व रंगीन टीवी जैसे कई वैकल्पिक विषयों की परीक्षा भी हुई, जिनमें परीक्षार्थियों की संख्या काफी कम रही। जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण परीक्षाएं कराई जा रही हैं। जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार 24 घंटे आनलाइन निगरानी भी हो रही है।
आसान था गणित का पेपर, परीक्षार्थी दिखे खुश
लालगंज। गणित जैसे कठिन विषय की परीक्षा देने के बाद भी ज्यादातर परीक्षार्थियों के चेहरों पर खुशी नजर आई। गणित की परीक्षा देकर बाहर निकले परीक्षार्थी अर्जुन ने कहा कि प्रश्नपत्र आसान रहा। छात्रा दीपांशी ने भी प्रश्नपत्र को बहुत बढ़िया बताया। श्यामल और अंशिका ने बताया कि दो सवाल ऐसे रहे, जिनमें विसंगति रही। इससे सवाल समझने में दिक्कत हुई। महत्वपूर्ण विषय की परीक्षा होने के कारण संयुक्त शिक्षा निदेशक डाॅ. प्रदीप सिंह ने भी कई परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। (संवाद)
हर परीक्षा केंद्र में दिखा सख्त पहरा
सरेनी-परशदेपुर। सभी परीक्षा केंद्रों पर सख्त पहरा दिखा। जनता विद्यालय पूरे पांडेय समेत सभी केंद्रों में परीक्षा देने के बाद ज्यादातर परीक्षार्थी खिलखिलाते हुए बाहर आए। छात्र अभिषेक, रोहित कुमार और रजनीश ने कहा कि पेपर आसान रहा। प्राची और हर्षिता शुक्ला ने कहा कि किसी भी प्रश्न को हल करने में कठिनाई नहीं हुई। बाबा रामदास इंटरमीडिएट काॅलेज मधुकरपुर में 194 परीक्षार्थियों को गणित की परीक्षा देनी थी, लेकिन पांच परीक्षार्थी नहीं आए। परीक्षार्थी अंकुर और महेश ने बताया कि गणित के कुछ सवालों ने परेशान किया। यही वजह रही कि ऐसे सवालों को अंत में हल किया। आसान सवाल पहले हल कर लिए।