बारिश और ठंड का असर मंगलवार को तहसील दिवस के मौके पर तहसीलों में देखने के मिला। तहसीलों में फरियादियों का टोटा रहा। सभी छह तहसीलों में 145 लोग शिकायत लेकर पहुंचे। इसमें 33 मामलों का मौके पर निपटारा हुआ।
सलोन में सबसे कम चार और महराजगंज में सबसे अधिक 76 मामले आए। महराजगंज में डीएम सूर्यपाल गंगवार ने 76 शिकायतों को सुना। यहां भीड़ देखने को मिली। मौके पर 21 मामलों को निस्तारित किया।
अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को देकर निस्तारित करने के आदेश दिए। इस मौके पर एसपी श्रीकांत सिंह, सीएमओ डॉ. राकेश यादव, सीडीओ अनूप कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम मोतीलाल यादव आदि मौजूद रहे।
सदर तहसील में एसडीएम एसएन शुक्ला ने आठ मामलों को सुनकर दो मामलों का निपटारा किया। यहां भी ठंड का असर देखने को मिला।
ऊंचाहार में एसडीएम एसपी शुक्ला ने 27 मामलों को सुनकर मौके पर चार मामलों को निस्तारित किया। शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को देकर एक सप्ताह में निस्तारित करने के आदेश दिए।
सलोन प्रतिनिधि के अनुसार, तहसील दिवस में सुबह से ही सन्नाटा रहा। एसडीएम डीपी मिश्रा के सामने मात्र चार लोग ही शिकायत लेकर पहुंचे। हालांकि मौके पर एक भी मामले का निपटारा नहीं हो सका।
डलमऊ प्रतिनिधि के अनुसार, एडीएम एससी चौधरी व एसडीएम राम अक्षयवर ने 11 शिकायतें सुनकर तीन मामलों का निस्तारण किया।
लालगंज तहसील सभागार में 19 फरियादियों ने शिकायत की। जिसमें तीन शिकायतों को तत्काल निस्तारित कर दिया गया। घोसियाना मोहल्ला निवासिनी रीनू सिंह ने बताया कि उनके पति की मौत 1 जून 2013 को हुई थी।
पीड़िता ने विधवा पेंशन दिलाए जाने की मांग की। महेशखेड़ा निवासी मो. सलीम ने बताया कि अंबरपुर मजरे यूसुफपुर गांव निवासी दिनेश कुमार, अंकित, अनूप उसकी जमीन पर जबरन नलकूप की बोरिंग करा रहे हैं।
पूरे जबर सिंह मजरे धनाभाद गांव निवासी छोटेलाल, जयशंकर, रामबिलास आदि ने बताया कि उनके गांव में लगे सभी हैंडपंप खराब हैं।
तहसील दिवस में एसडीएम दिलीप कुमार त्रिगुणायत, तहसीलदार सीपी सिंह यादव, सीओ रामअर्ज, प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह आदि मौजूद रहे।
महराजगंज तहसील दिवस में डीएम सूर्यपाल गंगवार ने शिकायतें आने पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को नहरों पर सात दिन में पानी छोड़ने के आदेश दिए।
डीएम ने कहा कि सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों पर कार्रवाई करके आठ दिन में अवैध कब्जों को हटया जाए। व्यापारियों की शिकायत पर डीएम ने बढ़े बिजली बिलों की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई के आदेश दिए।
डीएम ने महराजगंज, बछरावां व शिवगढ़ पुलिस को मनमाने तरीके वाहन चलाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस को निरस्त कराने के साथ ही अन्य कार्रवाई करने के आदेश दिए।
तहसील दिवस में शामिल न होने पर अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। एसडीएम ऊंचाहार एसपी शुक्ला ने ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग, लघु सिंचाई विभाग, पावर कॉर्पोरेशन के एई के अलावा एडीओ पंचायत ऊंचाहार औरा रोहनियां को कारण बताओ नोटिस देकर तहसील दिवस में शामिल न होने का जवाब मांगा है।
सदर एसडीएम एसएन शुक्ला ने भी एसओ मिलएरिया को तहसील दिवस में शामिल न होने पर नोटिस जारी किया है। महराजगंज तहसील में डीएम सूर्यपाल गंगवार शिकायतें सुन रहे थे।
एक शिकायत आने पर वे फोन से संबंधित विभाग के अधिकारी की क्लास लेने लगे। इसी दौरान एसपी श्रीकांत सिंह को झपकी लेने का मौका मिल गया। इसे देखकर अधिकारियों और फरियादियों में चर्चा शुरू हो गई, तो एसपी की नींद टूट गई।