रायबरेली। कोरोना का कहर रविवार को भी नहीं थमा। हरचंदपुर सीएचसी की फीजियोथेरेपिस्ट और पुलिस लाइन में रहने वाले अमेठी जिले में तैनात सिपाही समेत 14 और लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। डीआरडीए में कोरोना संक्रमित पाए गए सांसद निधि के बाबू की पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गई है। इसके अलावा डीआरडीए के दूसरे संक्रमित बाबू का बेटा और तीन साल की नातिन भी संक्रमित मिली है। मिल एरिया क्षेत्र के दुसौती प्रधान प्रतिनिधि के अलावा इंदिरा नगर में मां-बेटे की रिपोर्ट भी कोरोना संक्रमित मिली है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि हरचंदपुर सीएचसी में तैनात फीजियोथेरेपिस्ट कोविड सर्विलांस टीम में काम कर रही थीं। अभियान के दौरान ही वह भी संक्रमित हो गईं। उनका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था। रविवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद फीजियोथेरेपिस्ट को रॉयन स्कूल के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। अमेठी जिले में तैनात सिपाही भी पुलिस लाइन में ही रहता है। उसका सैंपल भी जांच के लिए भेजा गया था। रविवार को उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गई है।
उन्होंने बताया कि इंदिरा नगर मोहल्ले के मां-बेटे कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा शहर के ही नया पुरवा और चकअहमदपुर नजूल राम कृपाल तिराहे पर रहने वाली महिला भी कोरोना संक्रमित मिली है। इसके अलावा लालगंज क्षेत्र के गोविंदपुर और न्यू मार्केट में एक-एक कोरोना मरीज मिला है। मिल एरिया क्षेत्र के दुसौती चौराहा निवासी प्रधान प्रतिनिधि की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
डलमऊ के बलीपुर गांव का भी एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। एंटीजन टेस्ट के तहत शहर के एलपीएस में भर्ती लोगों की जांच की गई तो सांसद निधि के बाबू की पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गई है। इसके अलावा डीआरडीए के दूसरे संक्रमित बाबू का बेटा और तीन साल की नातिन भी संक्रमित मिली है।
उधर, सीएमओ आवास पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी समेत सात लोगों का एंटीजन टेस्ट किया गया जिसमें उनका ड्राइवर पॉजिटिव पाया गया, बाकी सबकी रिपोर्ट निगेटिव है।
उधर, महराजगंज क्षेत्र के दुसौती मजरे माझगांव को हॉटस्पॉट घोषित कर सील कर दिया गया है। शिवगढ़ क्षेत्र के रामगंज मजरे पिपरी में कोरोना मरीज मिलने के बाद गांव को सील कर दिया गया है। डलमऊ क्षेत्र के बैरहना मजरे बलीपुर गांव में रविवार को कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद गांव को सील कर दिया गया है। चौकी प्रभारी घुरवारा अशोक तिवारी ने बताया कि ग्रामीणों की दैनिक उपयोग की सामग्री की आपूर्ति के लिए कार्यकर्ताओं की व्यवस्था कर दी गई। गांव में लोगों के आवागमन को बंद करा दिया गया है।