रायबरेली। जिले में मंगलवार को भी कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस भर्ती परीक्षा कराई गई। अभ्यर्थियों की तलाशी लेने के बाद ही उन्हें सेंटरों के अंदर जाने दिया गया। खाकी पहनने से पहले ही 2441 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के बाद अभ्यर्थी प्रश्नपत्र के बारे में चर्चा करते नजर आए। जिन अभ्यर्थियों का पेपर ठीक रहा, उनके चेहरे पर खुशी दिखी। जिन अभ्यर्थियों का पेपर ठीक नहीं रहा, उनके चेहरे मायूस रहे।
जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में पुलिस भर्ती कराई गई। पहली पॉली में 7630 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। इसमें से 6356 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1274 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसी तरह दूसरी पॉली में 7629 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। इसमें से 6356 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 1274 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। इस तरह कुल मिलाकर 2441 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग नहीं लिया। एसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि दूसरे दिन भी सकुशल पुलिस भर्ती परीक्षा निपटी।
उधर, पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए अलग-अलग जिलों से यहां आए ज्यादातर अभ्यर्थियों ने रेलवे स्टेशन को ही अपना ठिकाना बनाया। इसीलिए अभ्यर्थी स्टेशन के प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय, परिसर में बने कांप्लेक्स में डेरा डाले रहे। शनिवार देर शाम से ही यहां पर अभ्यर्थियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। सोमवार को देर रात तक अभ्यर्थियों की भीड़ यहां जुटी रही।
भीड़ को देखते हुए लखनऊ से प्रयागराज के बीच स्पेशल ट्रेन भी चलाई गई। इसके बावजूद गंगा गोमती एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के इंतजार में अभ्यर्थियों को स्टेशन पर ही आराम फरमाना पड़ा। जीआरपी प्रभारी रविंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि एक तरफ कुंभ मेला को लेकर पहले से सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता है और दूसरी तरफ परीक्षा को लेकर भी सतर्कता बरती गई। कार्यवाहक स्टेशन अधीक्षक बालमुकुंद ने बताया कि अभ्यर्थियों की भीड़ के बावजूद ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ।