युवक को पीट-पीटकर मार डाला
सलोन (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के भैंसापुर मजरे सलीमपुर गांव में रविवार रात मजदूरी करने गए युवक को पहले खूब शराब पिलाई।
इसके बाद मामूली कहासुनी के बाद दबंगों ने उसे लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। मृत हालत में हत्या आरोपी युवक का शव उसके दरवाजे पर फेंककर भाग निकले।
वहीं इस मामले में युवक की पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
भैंसापुर मजरे सलीमपुर निवासी रामकिशोर (42) 31 दिसंबर को राम प्रकाश सिंह निवासी मयाराम का पुरवा मजरे सलीमपुर के खेत में मजदूरी करने गया था।
वह खेत में कीटनाशक का छिड़काव कर रहा था। आरोप है कि रामप्रकाश का छोटा भाई ओम प्रकाश युवक को अपने साथ किसी काम से लेकर चला गया।
आरोप है कि बाद में युवक को किसी ने खूब शराब पिलाई। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान रामकिशोर को जमकर लाठी-डंडों से पीटा गया।
पिटाई से उसकी मौत हो गई। इससे घबराए हत्या आरोपी शव उसके दरवाजे पर फेंककर भाग निकले। मृतक की पत्नी सूखा देवी का आरोप है कि उसके पति को ओमप्रकाश व उसके साथियों ने शराब पिलाई और पीट-पीटकर हत्या कर दी।
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची सलोन पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सलोन कोतवाल जीडी शुक्ला ने बताया कि रामकिशोर आरोपी के खेत में दवा छिड़कने गया था। इसी के बाद कोई विवाद हुआ। कोतवाल ने बताया कि मामले में आरोपी ओमप्रकाश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।