मिलावटखोरों ने एडीएम (न्यायिक) राम अभिलाष को ही घटिया पनीर थमा दी। वह पनीर घर लेकर पहुंचे तो उसमें काफी बदबू आ रही थी। इस पर उन्होंने एफएसडीए के अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।
शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सोमवार को इंदिरा उद्यान और सिविल लाइन पहुंचकर होटलों से पनीर के दो नमूने भरे। इन नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है। इस दौरान मानक विपरीत मिली चार किलो पनीर नष्ट करा दी गई है।
एडीएम (न्यायिक) ने इंदिरा उद्यान के पास स्थित शिवम स्वीट्स से पनीर मंगवाई थी। पनीर बेहद खराब होने के कारण उन्होंने सिविल लाइन स्थित विवेक इंटरप्राइजेज से पनीर मंगवाई लेकिन वह भी अच्छी नहीं निकली। उसमें काफी बदबू आ रही थी।
उन्होंने सोमवार को इसकी जानकारी एफएसडीए के अधिकारियों को दी। एफएसओ अंजली श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर शिवम स्वीट्स और विवेक इंटरप्राइजेज से पनीर का नमूना भरकर जांच के लिए भेज दिया है। चार किलो पनीर को नष्ट करा दिया गया है।
एफएसडीए के प्रभारी अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि एडीएम (न्यायिक) राम अभिलाष को घटिया पनीर देने की जानकारी होने पर दोनों ही दुकानों पर छापेमारी कराकर पनीर के नमूने भराकर जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।