लालगंज (रायबरेली)। डॉक्टर को दिखाने के लिए नंबर लेने के नाम पर एक युवक से 13 हजार रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
मोहल्ला निवासी मो. कैश ने बताया कि उसके किसी रिश्तेदार के बेटे का इलाज लखनऊ के एक प्रतिष्ठित न्यूरो सर्जन के पास इलाज चल रहा है। सुबह एक अज्ञात नंबर से उसके मोबाइल पर फोन आया।
फोन करने वाले ने बताया कि वह डॉक्टर की क्लीनिक से बोल रहा है। डॉक्टर के अपॉइंटमेंट के लिए गूगल पे के जरिए रुपये भेजकर अपना अपॉइंटमेंट सुनिश्चित करा लें।
पीड़ित ने दिए नंबर पर गूगल पे के जरिए कुछ रुपये भेज दिए। बाद में अज्ञात हैकर ने पीड़ित के मोबाइल पर भेजी गई ओटीपी पूछी।
ओटीपी बताने के थोड़ी देर बाद ही पीड़ित के मोबाइल पर दो बार में 13 हजार रुपये ट्रांसफर होने का मैसेज मिला। तो पीड़ित को उसके साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। पीड़ित ने कोतवाली में शिकायती पत्र देने के साथ साइबर सेल में भी धोखाधड़ी की शिकायत की है।
विदेश भेजने के नाम पर ठगने का आरोप
लालगंज (रायबरेली)। क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक पर गैर प्रांत के अलावा स्थानीय युवकों से विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने का आरोप लगा है। पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर दी है।
राजस्थान के अलवर पंचमढ़ी गांव निवासी ओम सिंह व हरीराम, उन्नाव के बिहार थाना के मोहकमपुर गांव निवासी बृजलाल और खीरों थाना के बाबाखेड़ा गांव निवासी उमेश कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बन्नामऊ गांव निवासी एक युवक व उसके साथी ने विदेश भेजने के नाम पर उनसे लाखों रुपये ले लिए।
बताया कि आरोपी ने न तो उन्हें विदेश भेजा और न ही रुपये वापस दिए। मानने पर आरोपी ने मारपीट करने की धमकी दी। पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी से रुपये दिलाने की गुहार लगाई है।