रायबरेली। पंजाब के अमृतसर से चलकर रायबरेली पहुंची श्रमिक ट्रेन ने 1277 लोगों को उनके घर पहुंचाया। इस ट्रेन में रायबरेली और अमेठी जिले के ही रहने वाले लोग थे। रेलवे स्टेशन और स्कूलों में आए लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद बसों से उनके घरों को भेजवाया गया। सोमवार को गुजरात से आए प्रवासी मजदूरों में नौ लोगों के संदिग्ध होने पर उन्हें क्वारंटीन में भेजने के साथ ही रात में ही उनके सैंपल लेकर कोरोना के जांच के लिए एसजीपीजीआई लखनऊ भेज दिया गया।
एक और ट्रेन मंगलवार सुबह प्रवासी मजदूरों व लोगों को लेकर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। एक-एक करके सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। कुछ लोगों को शहर से सटे स्कूलों में ले जाकर जांच की गई। जांच के बाद रोडवेज से लगी 43 बसों से उन्हें घर भेजा गया। इस ट्रेन में रायबरेली और अमेठी जिले के ही लोग थे। सभी को घर भेजने के साथ ही 14-14 दिन होम क्वारंटीन में रखने के आदेश भी दिए गए। वहीं सोमवार को आई ट्रेन में नौ लोग संदिग्ध पाए गए। संबंधित लोगों को क्वारंटीन में भेजने के साथ ही रात में ही कोरोना की जांच के लिए उनके सैंपल एसजीपीजीआई लखनऊ भेजा गया है। एडीएम (प्रशासन) राम अभिलाष ने बताया कि पंजाब से 1277 लोगों को लेकर ट्रेन आई। ट्रेन में रायबरेली और अमेठी जिले के लोग थे। सभी को जांच के बाद बसों से घर भेजा गया है।