रायबरेली। दूषित व घटिया खाद्य सामग्री की बिक्री पर पाबंदी लगाने के लिए जिले के दस हजार ठेले वालों पर शिकंजा कसा गया है। सभी ठेलियों पर खाद्य निरीक्षकों के नंबर लिखवाने के आदेश दिए गए हैं जिससे घटिया सामग्री की बिक्री करने पर तुरंत कोई भी फोन के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकता है। साथ ही वाट्सएप पर घटिया सामग्री की फोटो भी भेज सकेंगे।
खाद्य आयुक्त के आदेश पर जिले में यह काम शुरू हो गया है। शहर में विभाग की टीमों ने पहुंचकर कई ठेलों पर मोबाइल नंबर व अन्य सामग्री की नोटिस चस्पा कर दी है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त ने ठेलों पर सर्किल के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के मोबाइल नंबर चस्पा कराने के आदेश दिए हैं जिससे ग्राहक किसी भी प्रकार की मनमानी मिलने पर फोन पर तुरंत शिकायत दर्ज कराकर निरीक्षक के वाट्सएप पर घटिया खाद्य पदार्थ की फोटो भेज सकें। आयुक्त के आदेश पर जिले में काम शुरू हो गया है।
फोन आते ही छापा मारने के आदेश
एफएसडीए के आयुक्त ने आदेश दिए हैं कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के फोन पर सूचना आते ही उन्हें तत्काल छापा मारकर कार्रवाई करनी होगी। इसमें किसी भी स्तर पर कार्रवाई नहीं की जाएगी। यदि छापेमारी करके कार्रवाई नहीं की जाती है और इस संबंध में उच्चाधिकारियाें से शिकायत की जाती है तो इसके लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी जिम्मेदार होगा और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन
आयुक्त ने घटिया खाद्य सामग्री की बिक्री पर पाबंदी लगाने के लिए आदेश दिए हैं। करीब 10 हजार ठेलों पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के मोबाइल नंबर व अन्य जानकारी चस्पा कराई जा रही है। शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जाएगी। दुकानों पर डस्टबिन भी रखवाने के आदेश दिए गए हैं।
शशांक त्रिपाठी, अभिहित अधिकारी एफएसडीए