बम निरोधक दस्ते ने रेलवे स्टेशन का चप्पा-चप्पा छाना
रायबरेली। लखनऊ से आए बम निरोधक दस्ते की टीम ने गुरुवार को रेलवे स्टेशन का चप्पा-चप्पा छाना। साथ में डाग स्क्वायड भी था। आने जाने वाले मुसाफिरोें की चेकिंग व उनके सामान की तलाशी ली गई।
बम निरोधक दस्ते में प्रभारी नरेंद्र प्रताप सिंह के अलावा हनुमान प्रसाद, संजय कुमार, अशोक कुमार, बालचंद्र पटेल, जितेेंद्र कुमार शामिल थे। दोपहर के वक्त यह बम निरोधक दस्ता डाग स्क्वायड के साथ रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। तीन प्लेटफॉर्मों को चेक किया। आने जाने वाले यात्रियों की तलाशी ली। स्टेशन पर रखे लावारिस बैगों को भी चेक किया। आरपीएफ और जीआरपी के स्टाफ ने भी चेकिंग में सहयोग किया। कार्यवाहक जीआरपी थानेदार कंचन सिंह ने बताया कि लखनऊ से आए बम निरोधक दस्ते के साथ चेकिंग की।
रेल पटरियों की कराई गई मरम्मत
रायबरेली। यूपी में दो ट्रेन हादसे के बाद रेलवे के अधिकारी सतर्क हो गए हैं। यही वजह है कि जिले से गुजरे रैल ट्रैकों की मरम्मत कराई जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को रेलवे की टीम ने रेलवे स्टेशन रायबरेली के पास रेल ट्रैक को चेक किया। जहां पर जो कमियां थी, उसे ठीक कराया। रेलवे स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि वैसे तो रेल ट्रैक की हर दिन चेक किए जाते हैं, लेकिन घटनाओं के बाद से सतर्कता और बरती जा रही है।