रायबरेली। जिले में जरूरत से ज्यादा बैलेट यूनिटें (बीयू) उपलब्ध होने के कारण आयोग के आदेश पर 768 बीयू तेलंगाना राज्य भेज दी गई हैं। तेलंगाना राज्य में लोकसभा का पहले चरण में मतदान होना है। बीयू को कड़ी सुरक्षा में भेजा गया है।
जिले में 2933 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के अलावा 3700 बैलेट यूनिट उपलब्ध हैं। चुनाव में 15 प्रत्याशियों तक सिर्फ एक ही बैलेट यूनिट से काम चल जाता है।
जिले में 2456 मतदेय स्थल हैं। ऐसी स्थिति में 2456 ईवीएम, बैलेट यूनिट, वीवीपैट की जरूरत होगी। जरूरत से अधिक बैलेट यूनिट उपलब्ध होने पर आयोग ने 768 बैलेट यूनिटों को तेलंगाना राज्य भेजने के आदेश दिए।
आदेश पर गत गुरुवार की देरशाम बैलेट यूनिटों को भेज दिया गया है। डीपीआरओ उपेंद्रराज सिंह ने बताया कि आयोग के निर्देश पर 768 बैलेट यूनिटें तेलंगाना राज्य भेज दी गई है।
ईवीएम रेडी, आवंटन के लिए आयोग के आदेश का इंतजार
लोकसभा चुनाव के लिए जिले में ईवीएम को पहले से ही अपडेट कराकर राजकीय इंटर कॉलेज के गोदाम में रखवा दिया गया है।
आयोग का निर्देश मिलने के बाद पहले चरण में ईवीएम को विधानसभा क्षेत्रवार एलॉट कर दिया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में ईवीएम को बूथवार अलॉट करके संबंधित उप जिला अधिकारियों की जिम्मेदारी में दे दिया जाएगा।
डीपीआरओ उपेंद्रराज सिंह ने बताया कि ईवीएम को कंप्लीट कराकर सुरक्षित रखवाया गया है। आयोग का निर्देश मिलने के बाद ईवीएम को बूथवार एलॉट करने के लिए दो चरणों में काम पूरा कराया जाएगा।