रेल ट्रैक पर संदिग्ध हालात में मिला श्रमिक का शव
रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र के सूरजकुंडा हाल्ट पर एक श्रमिक का शव रेल ट्रैक पर मिला। श्रमिक के दोनों पैर कटे थे। सिर और पीठ पर चोट के निशान थे। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक यहां रेल ट्रैक के निर्माण में काम करने आया था। जीआरपी और भदोखर पुलिस मौके पर पहुंची। साथ में काम करने वाले श्रमिकों से पूछताछ करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
रायबरेली-कानपुर रेल खंड के नवीनीकरण का काम चल रहा है। यहीं पर अनिल कुमार पनिकर (35) पुत्र रामबचन मजदूरी करने आया था। सोमवार सुबह रेलवे हाल्ट के पास उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि उसके दोनों पैर कटे थे। सिर और पीठ पर चोट के निशान थे। रविवार शाम श्रमिकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी भदोखर पुलिस को दी। भदोखर थाने और जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। श्रमिकों से पूछताछ करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतक के परिवारीजनों को जानकारी दी है। भदोखर एसओ अशोक त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद श्रमिक की मौत की सही वजह सामने आएगी। ब्यूरो