एडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि, सचिव निलंबित
रायबरेली। स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों में प्रसाधन कक्षों के निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है। डीपीआरओ सीके वर्मा और सीडीओ देवेंद्र पांडेय ने गांव पहुंचकर पड़ताल की तो प्रसाधन कक्षों के निर्माण में प्रयोग में लायी जा रही निर्माण सामग्री मानकों पर खरी नहीं उतरी। प्रसाधन का निर्माण भी मानक के वितरीत नहीं हो रहा था। मामले में महराजगंज के एडीओ (पंचायत) को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के साथ ही ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। अलीपुर की प्रधान को भी कारण बताओ नोटिस दिया है।
जिले के सभी गांवों को दिसंबर से ओडीएफ करने के आदेश हैं लेकिन मानकों की अनदेखी के कारण मंशा पूरी नहीं हो पा रही है। सीडीओ देवेंद्र पांडेय और डीपीआरओ सीके वर्मा ने महराजगंज ब्लॉक के ओडीएफ के लिए चिह्नित गांव अलीपुर पहुंचकर प्रसाधन कक्षों की गुणवत्ता की जांच की। यहां कोई भी प्रसाधन कक्ष मानकों पर खरा नहीं मिला। यही नहीं निर्माण में प्रयोग में लायी जा रही निर्माण सामग्री भी अच्छी नहीं मिली। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीपीआरओ ने महराजगंज के एडीओ (पंचायत) प्रकाश बाबू शुक्ला को प्रतिकूल प्रविष्टि दे दी है। प्रसाधन कक्षों के निर्माण का गुणवत्ता पर ध्यान न देने और लापरवाही बरतने के आरोप में ग्राम पंचायत अधिकारी शिखर शुक्ला को निलंबित कर दिया गया है। अलीपुर प्रधान प्रेमा सिंह को कारण बताओ नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। डीपीआरओ सीके वर्मा ने बताया कि एडीओ और ग्राम पंचायत अधिकारी पर कार्रवाई कर दी गई है। प्रधान को भी कारण बताओ नोटिस दिया है। जवाब आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। प्रसाधन कक्षों के निर्माण में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा।