रायबरेली। तीन दिन पहले दयावती मोदी पब्लिक स्कूल, गंगागंज के छात्र रुद्रांश पांडेय की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने गुरुवार देर शाम स्कूल की शिक्षिका के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस की मानें तो शिक्षिका के टार्चर किए जाने की वजह से ही लेखपाल के बेटे ने मौत को गले लगाया था।
हरचंदपुर के कंडौरा गांव निवासी एवं लेखपाल अमित पांडेय का पुत्र रुद्रांश (13) दयावती मोदी पब्लिक स्कूल में कक्षा छह का छात्र था।
15 अक्तूबर 2018 को रुद्रांश का शव रूदौली गांव के निकट रेल ट्रैक के पास पाया गया था। एसओ सचिन गुप्ता ने बताया कि मृतक के पिता ने स्कूल की शिक्षिका ममता सिंह के खिलाफ तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि उसके बेटे को शिक्षिका ने थप्पड़ों से पीटा था।
शिक्षिका के टार्चर किए जाने की वजह से ही उसके बेटे ने आत्महत्या कर ली। एसओ ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई होगी। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।