रायबरेली। रामलीला देखने जा रहे स्कूटी सवार दो दोस्तों को मंगलवार रात ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। उनके सड़क पर गिरते ही पीछे से आ रहा दूसरा ट्रक दोनों को रौंदते हुए निकल गए।
दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, हादसे में युवकों की मौत से आक्रोेशित लोगों ने हाईवे पर जमकर बवाल किया। सड़क से गुजरने वाले वाहनों में तोड़फोड़ की।
एक ट्रक को ग्रामीणों ने आग के हवाले कर दिया। इससे अफरातफरी मच गई। वाहन चालकों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
सूचना पर सीओ सदर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह स्थिति को संभाला। सीओ ने नाराज लोगों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है।
रायबरेली-कानपुर राजमार्ग के किनारे दरीबा गांव है। इसी गांव से कुछ दूरी पर पेट्रोल पंप के पास रामलीला का मंचन हो रहा है।
देर रात गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के खाले का पुरवा निवासी पिंटू (20) पुत्र सुनील और सदर कोतवाली क्षेत्र के दरीबा निवासी आकाश (18) पुत्र हरिनारायण स्कूटी से रामलीला देखने जा रहे थे।
जैसे ही दोनों हाईवे पर गांव स्थित मोड़ के पास पहुंचे तभी कानपुर की तरफ से आ रहे ट्रक ने उनकी गाड़ी में पीछे से टक्कर मार दी।
उनके सड़क पर गिरते ही रायबरेली से लालगंज की तरफ जा रहे ट्रक ने दोनों को रौंद दिया। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं हादसे की जानकारी होते ही लोग आक्रोशित हो गए और नहाईवे पर हंगामा करना शुरू कर दिया। इससे वाहनों का आवागमन ठप हो गया।
गुस्साई भीड़ ने वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। साथ ही एक ट्रक को आगे के हवाले कर दिया गया। खबर पाकर सीओ सदर शेषमणि उपाध्याय, कोतवाल अशोक सिंह के साथ ही दमकल के जवान मौके पर पहुंच गए।
सीओ ने मामले में कार्रवाई का भरोसा देते हुए लोगों को किसी तरह शांत कराया। करीब एक घंटे बाद हाईवे पर आवागमन बहाल हो सका। जब तक दमकल जवान लपटों पर काबू पाते ट्रक का आधा हिस्सा राख हो चुका था।
वहीं दोनों ट्रकों के चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। कोतवाल का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।