रायबरेली। जिलाधिकारी के निर्देश पर मिशन सेव फ्यूचर अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत मिल एरिया में एआरटीओ प्रवर्तन उमेश कटियार व सलोन में यात्री कर अधिकारी (पीटीओ) विक्रांत सिंह ने सड़कों पर बिना वैध दस्तावेज के चल रहे वाहनों की जांच की। दोनों अधिकारियों ने 11 स्कूली वाहनों का चालान किया। एआरटीओ प्रवर्तन ने दो स्लीपर बसों को बंद कराया। इन बसों में 100 यात्री बेठे थे।
मिल एरिया में शनिवार को एआरटीओ प्रवर्तन ने वाहनों की चेकिंग का अभियान चलाते हुए चार स्कूलों बसों का चालान किया। इन स्कूली बसों में मानक पूरे नहीं थे। वहीं सलोन में पीटीओ ने सात स्कूली वाहनों का चालान किया और एक स्कूली वाहन को सूची चौकी में बंद कराया।
एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि सभी वाहन स्वामियों और स्कूल प्रबंधनों को निर्देश दिए गए हैं। 7 जुलाई तक सभी को अपने वाहनों के आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत कराने होंगे। इनमें फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा और ड्राइविंग लाइसेंस शामिल हैं। चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा के बाद बिना वैध दस्तावेज के वाहन मिलने पर उन्हें सीज किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।