रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) के लिए चल रही दूसरे चरण की चयन प्रक्रिया में शनिवार को लिखित परीक्षा कराई गई। इसमें 40 अभ्यर्थियों को शामिल होना था लेकिन 11 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं आए। महज 29 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सेदारी की। यह परीक्षा शहर के पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक हुई।
जिले में एक नगर क्षेत्र और 18 विकास क्षेत्र हैं। इनमें एआरपी के 95 पदों पर तैनाती होनी थी। इन पदों पर चयन के लिए परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों से आवेदन मांगे गए थे। पहले चरण में महज 31 एआरपी ही चयनित हो पाए थे, जिस पर दूसरे चरण की प्रक्रिया सितंबर महीने में शुरू हुई। जिले में 64 रिक्त पदों के लिए 42 आवेदन आए, जिनका सत्यापन कराया गया तो दो आवेदन निरस्त हो गए। लिखित परीक्षा में 40 अभ्यर्थियों में से सिर्फ 29 अभ्यर्थी ही उपस्थित शामिल हुए।
अनुपस्थिति होने वालों में हिंदी में एक, अंग्रेजी में दो, गणित में दो, सामाजिक विषय में दो और विज्ञान में चार अभ्यर्थी शामिल रहे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने बताया कि लिखित परीक्षा के परिणाम आने के बाद सफल अभ्यर्थियों को माइक्रो टीचिंग और साक्षात्कार के दौर से गुजरना होगा। इसके आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को विकास क्षेत्र आवंटित किए जाएंगे।
दूसरे चरण के बाद भी खाली रह जाएंगे पद
रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों में सहयोगात्मक पर्यवेक्षण के लिए हर विकास क्षेत्र में अलग-अलग विषयों के पांच एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) होने चाहिए। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विषय शामिल है।
जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) दीपक कुमार ने बताया कि सभी विषयों में 19-19 पद हैं। पहले चरण की चयन प्रक्रिया में 95 पदों में से 31 पद ही भर सके थे। इस समय हिंदी में 17, अंग्रेजी में 16, विज्ञान में 15, समाजिक विषय में 11 और गणित में पांच पद रिक्त हैं। 11 अभ्यर्थियों के गैरहाजिर होने के कारण दूसरे चरण की चयन प्रक्रिया के बाद भी पद खाली रह जाएंगे। (संवाद)