रायबरेली। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पीएन सिंह ने शुक्रवार को प्रभारी प्रधानाध्यापक को निलंबित करने के साथ ही चार सहायक अध्यापकों का वेतन और दो शिक्षामित्रों का मानदेय रोकने का आदेश जारी किया।
खंड शिक्षा अधिकारी बछरावां पद्म शेखर ने आख्या में बताया कि 10 जनवरी को प्राथमिक विद्यालय कुशलीखेड़ा का निरीक्षण किया गया तो इंचार्ज हेडमास्टर निरंकार शुक्ला, सहायक अध्यक्ष श्वेता सिंह, शिक्षामित्र कमलेश अनुपस्थित पाए गए। नामांकित छात्रों के सापेक्ष उपस्थिति काफी कम मिली।
मध्याह्न भोजन, यूनिफार्म एवं पाठ्य पुस्तक वितरण में भी खामियां मिलीं। इस पर बीएसए ने प्रभारी प्रधानाध्यापक को निलंबित करने का आदेश दिया, जबकि सहायक अध्यापक का वेतन और शिक्षामित्र का मानदेय अग्रिम आदेशों तक के लिए रोक दिया। निलंबित इंचार्ज हेडमास्टर को बीईओ कार्यालय से संबद्ध करते हुए बीईओ हरचंदपुर के जांच अधिकारी नामित किया।
खंड शिक्षा अधिकारी सलोन विश्वनाथ प्रजापति ने अपनी आख्या में बताया कि 28 दिसंबर को पूर्व माध्यमिक विद्यालय टिकरिया का निरीक्षण किया गया था। इस दौरान सहायक अध्यापक पूनम सिंह और चंद्रकांत शुक्ला गैरहाजिर मिले। बीएसए ने दोनों का वेतन रोक दिया।
महराजगंज के बीईओ लालमणि राम ने 29 दिसंबर को प्राथमिक विद्यालय भैयापुर का निरीक्षण किया तो सहायक अध्यापक विकास यादव और शिक्षामित्र शारदा देवी अनुपस्थित रहीं। बीएसए ने इन दोनों के खिलाफ भी वेतन/मानदेय रोकने की कार्रवाई की। साथ ही बीईओ के माध्यम से स्पष्टीकरण मांगा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी।