ट्रक ने युवक को रौंदा, ग्रामीणों ने शव रख लगाया जाम
तिलोई (रायबरेली)। अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में रविवार को बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। उसकी मौके मौत हो गई।
सूचना के बाद भी स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर एक घंटे लेट पहुंची। इससे ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने शव रखकर मार्ग जाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया।
उधर, हंगामे की खबर पाकर सीओ मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया। इन्हौना चौकी पर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर क्लीनर को दबोच लिया, जबकि चालक मौके से भाग गया।
बाराबंकी जिले के जारमऊ थाना क्षेत्र के सरांय गोपी गांव निवासी राजेश यादव (18) की तिलोई क्षेत्र के पूरे त्रिवेदी मजरे राजा फत्तेपुर में रिश्तेदारी है।
रविवार सुबह राजेश बाइक से रिश्तेदारी में आ रहा था। तभी तिलोई-इन्हौना मार्ग पर आनंद नगर चौराहे के पास तिलोई से इन्हौना जा रहे ट्रक ने राजेश को रौंद दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उसे इंडोगल्फ अस्पताल पहुंचाया, लेकिन यहां उसकी मौत हो गई।
वहीं हादसे की सूचना के बाद भी एक घंटे बाद मोहनगंज पुलिस पहुंची। इससे ग्रामीण भड़क गए। सभी ने आनंद नगर चौराहे पर शव रखकर मार्ग जाम कर दिया।
पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सीओ बीनू सिंह ने पहुंचकर मामले में कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह लोगों को शांत कराया।
सीओ का कहना है कि इन्हौना चौकी पर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर क्लीनर को पकड़ लिया है। हालांकि ट्रक का चालक फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
मोहनगंज पुलिस देर से क्यों घटनास्थल पर पहुंची, इसकी जांच कराई जाएगी। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कराया जाएगा।