क्षेत्र पंचायत समिति सलोन की बैठक में बवाल
- वर्तमान, पूर्व ब्लॉक प्रमुख के समर्थकों में मारपीट
- विधायक मुर्दाबाद के लगाए नारे, पुलिस ने कई समर्थकों पर चटकाई लाठियां
- बीडीओ ने स्थगित कर दी, लेकिन एमएलसी ने कराई ब्लॉक सभागार में बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
सलोन (रायबरेली)। ब्लॉक सभागार में शनिवार को क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक के दौरान बवाल हो गया। वर्तमान और पूर्व ब्लॉक प्रमुख के समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। क्षेत्रीय भाजपा विधायक के विरोध में मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। कुर्सियां उलट-पलट दी गईं। सूचना पर पुलिस बल के साथ पहुंचे एसडीएम व सीओ ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। नहीं माने तो लाठियां चटका कर खदेड़ा। इससे सभागार में भगदड़ मच गई। खास बात ये रही कि बीडीओ ने बैठक स्थगित कर दी, लेकिन एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह ने पहुंचकर बैठक कराई। बैठक में 57 लाख 49 हजार रुपये के विकास कार्य के प्रस्ताव क्षेत्र पंचायत सदस्यों से मांगे गए।
सलोन ब्लॉक सभागार में सलोन विकास क्षेत्र में अविश्वास प्रस्ताव के बाद पहली बैठक होनी थी। बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे क्षेत्रीय विधायक दल बहादुर कोरी को भी मौजूद जनप्रतिनिधियों के विरोध का सामना करना पड़ा। बैठक को लेकर वर्तमान ब्लॉक प्रमुख निर्मला देवी व पूर्व ब्लॉक प्रमुख आजाद सिंह के समर्थकों के बीच मारपीट हुई। पुलिस ने पहुंचकर लाठियां चटकाते हुए सभी को खदेड़ा। वर्तमान ब्लॉक प्रमुख के समर्थकों ने विधायक के विरोध में मुर्दाबाद के नारे लगाए। खास बात ये रही कि बीडीओ सलोन अरुण कुमार सिंह ने बैठक स्थगित कर दी थी। इसी बीच एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह पहुंच गए। उनका कहना था कि बैठक स्थगित करने का अधिकार ब्लॉक प्रमुख का होता है।
बैठक की अध्यक्षता कर रही ब्लॉक प्रमुख निर्मला देवी व क्षेत्र पंचायत सदस्यों की आम सहमति से बैठक का संचालन एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह को सौंपा गया, जिसके बाद बैठक में क्षेत्र पंचायत के विकास कार्यों पर चर्चा की गई। बैठक में राज्य वित्त आयोग व चौदह वें वित्त आयोग को बराबर बराबर बांटने पर विचार किया गया। 57 लाख 49 हजार के विकास कार्य कराने को प्रस्ताव मांगे गए।
बैठक में खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह के बैठक को स्थगित करने तथा बैठक में उपस्थित न होने पर उनके विरुद्ध निन्दा प्रस्ताव पास किया गया। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कुछ लोगों के विरोध करने पर यह आदेश जारी किया गया कि जो पदेन सदस्य हैं, वही बैठक में भाग लेंगे। इसी बात को लेकर देखते ही देखते दो पक्ष आपस में भिड़ गए, जिसके कारण उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के बाद बैठक को स्थगित करना पड़ा। आगामी बैठक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराई जाएगी। इस संबंध में उपजिलाधिकारी श्रीराम सचान ने बताया कि ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायत की बैठक के दौरान कुछ छिटपुट घटनाएं घटित हुई हैं। सूचना पर पहुंचने के बाद बीडीओ को निर्देशित किया गया है कि आगामी बैठक की कार्यवाही सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न करई जाए, जिससे भविष्य में किसी की ओर से विवाद खड़ा न किया जाए। प्रभारी निरीक्षक जीडी शुक्ला ने बताया कि मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। उनके निर्देश पर आगे की कार्रवाई होगी।