रायबरेली। पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के तहत कोरोना काल में माता-पिता को खो चुके जिले के तीन बच्चों को सोमवार को 10-10 लाख के साथ ही पांच-पांच लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिया गया। प्रत्येक वर्ष पढ़ाई के लिए बच्चों को 20-20 हजार रुपये सहित बैग व स्नेह प्रमाणपत्र दिया गया।
एनआईसी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी को संबोधित किया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह व डीएम माला श्रीवास्तव ने तीनों बच्चों को प्रमाणपत्र दिया। डीएम ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान माता-पिता को खो चुके बच्चों के लिए यह योजना संचालित की गई है। योजना के माध्यम से बच्चों को बेसिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रतिमाह धनराशि प्रदान की जाती है। इस मौके पर सीडीओ प्रभाष कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा आदि अधिकारी मौजूद रहे।