एक युवक ने सात साल की बच्ची को हवस का शिकार बनाने का प्रयास किया।
खुलासा होने पर गांव में पंचायत हुई और पंचों ने आरोपी को 11 जूते मारने का फरमान सुना दिया।
भरी पंचायत में जूते मारने के बाद मामला रफा-दफा कर दिया गया। पुलिस मामले की जानकारी होने से इंकार कर रही है।
भोपा थाना क्षेत्र के मोरना कस्बे के एक गांव में बुधवार शाम कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान गांव का ही तीन बच्चों का बाप वहां आया और एक बच्ची को उठाकर जंगल की ओर ले गया।
साथी बच्चों के बताने पर ग्रामीणों को शक हुआ और बच्ची की तलाश करते हुए एक गन्ने के खेत में पहुंच गए। खेत से बच्ची के रोने की आवाज आ रही थी।
ग्रामीणों के साथ परिजन भी गन्ने के खेत में घुस गए और आरोपी को पकड़कर बच्ची को मुक्त कराया। परिजनों का आरोप है कि बच्ची के साथ वह दुष्कर्म का प्रयास कर रहा था।
लोक-लाज का भय दिखाकर कुछ ग्रामीणों ने पीड़ित पक्ष को पुलिस के पास नहीं जाने दिया और आनन-फानन में पंचायत बुलाई गई। पंचों ने आरोपी को 11 जूते मारने का फरमान सुना दिया।
पंचायत में आरोपी को जूते मारकर मामला रफा-दफा कर दिया गया। हालांकि इस सजा से पीड़ित पक्ष संतुष्ट नहीं है। वह आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहता है।
उधर, पुलिस मामले की जानकारी होने से इंकार कर रही है। एसपी क्राइम कल्पना सक्सेना का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। मामले की जांच कराकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।