राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख का प्रत्यक्ष चुनाव कराने की मांग उच्च सदन में की है। उनका कहना है कि इस प्रक्रिया से जनप्रतिनिधि जनता के प्रति जवाबदेह होंगे। देश के नौजवानों को भी राजनीति में आने का अवसर प्राप्त हो सकेगा।
विज्ञापन
उच्च सदन में सांसद ने कहा कि द्वितीय प्रशासनिक सुधार आयोग 2005 ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्यक्ष चुनाव कराने की सिफारिश की थी। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक देश, एक चुनाव की तरफ कदम भी बढ़ा दिया है। प्रधानमंत्री ने एक लाख ऐसे परिवार के नौजवानों को राजनीति के क्षेत्र में अवसर देने का बीड़ा उठाया, जिनकी कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है।
बसपा और सपा पर तंज कसते हुए सांसद अमरपाल मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टियां जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में सदस्यों को उठाकर महीनों-महीनों तक बंद रखती थी। धनबल और बाहुबल का चुनाव में जोर होता था। कहा कि प्रत्यक्ष चुनाव होने पर जनप्रतिनिधि जनता से चुना जाएगा तो वह जनता के प्रति जवाबदेह भी होगा।