इटावा में युवक को बनाया बंधक, मांगे 15 लाख
- पत्नी की शिकायत पर जेठवारा पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, छानबीन में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
जेठवारा। पुराना ट्रैक्टर खरीदने व बेचने का कारोबार करने वाले युवक को कुछ लोगों ने इटावा जनपद में बंधक बना रखा है। उसकी तस्वीर भेजकर पत्नी से 15 लाख रुपये की मांग की गई है। कारोबारी की परेशान पत्नी ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई। छानबीन में जुटी पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद युवक व आरोपियों की खोजबीन कर रही है।
जेठवारा के पुरनपुर की रहने वाली रेखा यादव ने मुकदमा दर्ज कराया कि उसका पति छोटेलाल यादव मुंबई में रहकर गाड़ी चलाता है। इन दिनों वह घर आया फिर किसी काम से इटावा चला गया था। 12 दिसंबर को उसने घर आने बात पत्नी से कही थी, लेकिन शाम को उसका मोबाइल बंद हो गया।
13 दिसंबर को रेखा के मोबाइल पर दो नंबर से फोन आया। बातचीत करते हुए उसके पति ने बताया कि पूरे सुखदेव निवासी ओम प्रकाश पटेल व शैलेंद्र यादव ने उसे बंधक बना रखा है। उसकी पिटाई करते हुए 15 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। छोटेलाल के बंधक बनाने की फोटो भी मांगी। बाद में फोन करने वाले आरोपियों ने उससे बात करते हुए रुपये लेकर आने को कहा।
रेखा की शिकायत पर पुलिस ने छानबीन की तो सभी की लोकेशन इटावा में मिली। प्रभारी थानाध्यक्ष विनीत उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। जांच में यह बात सामने आई है कि छोटेलाल पुराने ट्रैक्टर खरीदने व बेचने का काम करता है। उसने कई लोगों का उधारी ले रखी है। शायद रुपये के लेनदेन के विवाद में ही उसे बंधक बनाकर रखा गया है। कार्रवाई की जा रही है।